LATEST:


विजेट आपके ब्लॉग पर

Friday 4 February 2011

मिस्र में जनतांत्रिक विद्रोह, क्रान्तिकारी कवि पाश की कविता के साथ

जिन्होंने उम्र भर तलवार का गीत गाया है
उनके शब्द लहू के होते हैं
लहू लोहे का होता है
जो मौत के किनारे जीते हैं
उनकी मौत से जिंन्दगी का सफर शुरू होता है
जिनका पसीना और लहू मिट्टी में गिर जाता है
वे मिट्टी में दब कर उग आते हैं
अरब  में इन दिनों एक अपूर्व उथल-पुथल दिखाई दे रही है। ट्यूनीशिया में जन विद्रोह के कारण 23 सालों से सत्ता पर काबिज जिने अल अबेदीन अली को देश छोड़कर भागना पड़ा। मिस्र, यमन, जार्डन में भी लगातार विरोध प्रदर्शन  हो रहे हैं। महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद से तंग आकर ही लोग सड़कों पर उतरे है।
इस लहर की शुरुआत ट्यूनीशिया में 17 दिसंबर को मुहम्मद बाउजिजी नाम के एक बेरोजगार ग्रेजुएट नौजवान को पुलिस द्वारा सब्जी बेचने की इजाजत न देने से हुई। जिसके बाद से पूरे अरब में तानाशाही के विरोध का प्रतीक बन चुका है। ट्यूनीशिया से उड़ी चिंगारी, अब मिस्र में आग लगा चुकी है। 
मिस्र के राष्ट्रपति होस्नी मुबारक ने अक्टूबर 1981 में अनवर सादात की हत्या के बाद ये गद्दी संभाली थी और तीन दशक से लगातार इस पर काबिज है। ट्यूनीशिया के राष्ट्रपति बेन अली की तरह वे भी अपने बेटे को अपनी कुर्सी सौपने के ख्वाहिशमंद रहे है। मुबारक के नेतृत्व में मिस्र राजनीति रूप से अमेरिकी कठपुतली बन गया है। जिससे इसका आक्रोश लोगों में और ज्यादा है।
मुबारक के खिलाफ भड़की बगावत की अगुवाई करने के इरादे से वतन लौटे अंतरराष्ट्रीय परमाणु उर्जा एजंसी  के पूर्व अध्यक्ष और शांति  नोबेल सम्मान से विभूषित मोहम्मद अल बरदेई को नजरबंद कर दिया गया है। मिस्र में भड़का यह जनाक्रोष इस्लामी विद्रोह नहीं है बल्कि महंगाई, बेरोजगारी, निरक्षरता, अमीरी-गरीबी के बीच की बढ़ती खाई और तानाशाही शासन के खिलाफ बेबस जनता की मुखर आवाज है। 1981 से राष्ट्रपित हुस्नी मुबारक का राज  है। वैश्विक वित्तीय संकट के कारण देश में पर्यटन उद्योग, प्रत्यक्ष विदेशी निवेश और स्वेज नहर से होने वाली आय में गिरावट आयी है। लोग काफी संख्या में शिक्षित है लेकिन रोजगार के साधन का अभाव है। मिस्र में 2008 से 2010 तक बेरोजगारी दर 9 से 9.4 फीसदी के बीच है जबकि 2007 में यह 10.30 फीसदी रही थी। 2008 से 2010 तक महंगाई दर 12 से 19 फीसदी के बीच रही।
मुबारक 82 साल के हो गए हैं और उनके सहयोगी पहले से ही इस पर विचार कर रहे थे कि उनके बाद कौन आयेगा। जो नाम सामने आ रहे थे वे मुबारक के बेटे जमाल और खूफीया के प्रमुख जनरल उमर सुलेमान के थे। मुबारक के बाद जनरल उमर सुलेमान मिस्र के सबसे ताकतवर व्यक्ति हैं। लेकिन मिस्र की जनता इन दोनों से भी नफरत करती है। सत्तारूढ़ पार्टी के बाद देश में एकमात्र संगठित राजनीतिक संगठन व विपक्षी पार्टी ‘मुस्लिम ब्रदरहुड’ है। 1928 में जब मिस्र में सैन्य कब्ज़ा हो रहा था तो उसके विरोध में मुस्लिम ब्रदरहुड अस्तित्व में आया था. जिहादियों से विपरीत मुस्लिम ब्रदरहुड एक रूढ़िवादी नरमपंथी और अहिंसक गुट है। फिलहाल यह कहना मुश्किल है कि इस जन विरोध के नायक मोहम्मद अल बरदेई होंगे या मुस्लिम ब्रदरहुड। लेकिन यह मिस्र मे एक सकारात्मक बदलाव है।